असम में मंगलवार को नई सरकार का गठन होगा और हिमंत बिस्वा सरमा लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसके साथ ही वह राज्य के पहले ऐसे गैर-कांग्रेसी नेता बन जाएंगे, जो लगातार दो कार्यकाल तक मुख्यमंत्री बने रहेंगे।
राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने रविवार को सरमा को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया था। गुवाहाटी में सुबह 11:40 बजे आयोजित समारोह में राज्यपाल उन्हें और नई मंत्रिपरिषद को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
असम में भाजपा नीत राजग सरकार का यह लगातार तीसरा कार्यकाल होगा। राज्य में पहली बार 2016 में भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनी थी, जब Sarbananda Sonowal मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद 2021 में हिमंत बिस्वा सरमा ने मुख्यमंत्री पद संभाला था।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री Narendra Modi, केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah, रक्षा मंत्री Rajnath Singh, वित्त मंत्री Nirmala Sitharaman और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष Nitin Navin सहित कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा राजग शासित राज्यों के 40 से अधिक मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
भाजपा के असम प्रवक्ता ध्रुबज्योति माराल ने बताया कि समारोह में एक लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। सुरक्षा के मद्देनजर कई पुलिस बटालियनों और सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई है। समारोह स्थल पर तीन मंच बनाए गए हैं, जिनमें मुख्य मंच पर प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे।
हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में राजग ने 126 सदस्यीय विधानसभा में रिकॉर्ड 102 सीटें जीतकर सत्ता बरकरार रखी। भाजपा ने 82 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि सहयोगी दल असम गण परिषद (एजीपी) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने 10-10 सीटें जीतीं।
सरमा ने कहा कि मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले विधायकों के नाम भाजपा नेतृत्व से चर्चा के बाद तय किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नए मंत्रियों के नाम शपथ ग्रहण समारोह से कुछ घंटे पहले सार्वजनिक किए जाएंगे और मंत्री बनने वाले विधायकों को मंगलवार सुबह इसकी जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि नई सरकार का मुख्य उद्देश्य राज्य को तेज विकास की दिशा में आगे बढ़ाना और चुनावी घोषणापत्र के वादों को जमीन पर उतारना होगा। शपथ ग्रहण के बाद नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक भी आयोजित की जाएगी।
Comments are closed.