UNGA में अमेरिका-ईरान पर महामंथन, न्यूयॉर्क जा रहे पेजेश्कियान; ट्रंप ने मीटिंग पर जताई सहमति

0

पश्चिम एशिया में जारी अमेरिका-ईरान तनाव के बीच संयुक्त राष्ट्र महासभा का उच्चस्तरीय सत्र कूटनीतिक गतिविधियों का केंद्र बनने जा रहा है।

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान मंगलवार को न्यूयॉर्क पहुंचेंगे और 23 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी उनसे मुलाकात की संभावना को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं, हालांकि दोनों नेताओं की बैठक अभी आधिकारिक रूप से तय नहीं हुई है।

ईरानी समाचार एजेंसी इरना के मुताबिक, पेजेश्कियान के साथ विदेश मंत्री अब्बास अराघची समेत वरिष्ठ अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल न्यूयॉर्क जाएगा। महासभा में वह पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति और अमेरिका-इजरायल के साथ जारी संघर्ष को लेकर ईरान का पक्ष रखेंगे। इसके अलावा पेजेश्कियान विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।

ट्रंप से मुलाकात की अटकलें तेज

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मंगलवार को UNGA को संबोधित करेंगे, जबकि पेजेश्कियान बुधवार को अपना भाषण देंगे। दोनों नेताओं के न्यूयॉर्क में एक साथ मौजूद रहने के कारण संभावित बैठक को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

फॉक्स न्यूज से बातचीत में ट्रंप ने ईरानी राष्ट्रपति से मिलने की संभावना से इनकार नहीं किया। हालांकि, अभी तक अमेरिका या ईरान की ओर से किसी औपचारिक बैठक की पुष्टि नहीं की गई है। ट्रंप न्यूयॉर्क में दो दिन रहेंगे और इस दौरान कई द्विपक्षीय बैठकों में हिस्सा लेने वाले हैं।

ईरानी प्रतिनिधिमंडल को सीमित वीजा

अमेरिका ने ईरानी प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख सदस्यों को संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिस्सा लेने की अनुमति दी है। हालांकि, प्रतिनिधिमंडल का आकार सीमित रखा गया है। पेजेश्कियान की मीडिया और जनसंपर्क टीम के कुछ सदस्यों को वीजा नहीं दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

IRGC ने कहा- संघर्ष अभी खत्म नहीं

दूसरी ओर, अमेरिका की ओर से संभावित नए हमले की आशंका के बीच ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा है कि अमेरिका और उसके सहयोगियों के साथ संघर्ष अभी समाप्त नहीं हुआ है।

IRGC के ब्रिगेडियर जनरल होसैन मोहबे ने कहा कि ईरानी सेना लंबे संघर्ष के लिए तैयार है। उनके मुताबिक, युद्ध के चरण बदल सकते हैं, लेकिन ईरान की नजर में टकराव जारी है।

अमेरिका ने भी अपने नागरिकों को ईरान की यात्रा न करने की अपनी लेवल-4 ट्रैवल एडवाइजरी दोहराई है। ईरान में मौजूद अमेरिकी नागरिकों से भी जल्द से जल्द देश छोड़ने को कहा गया है।

होर्मुज में दो टैंकरों को नुकसान

तनाव के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में सोमवार को दो तेल टैंकरों को अज्ञात प्रोजेक्टाइल से नुकसान पहुंचने की खबर है। घटना में चालक दल के दो सदस्य घायल हुए। हमले की जिम्मेदारी फिलहाल किसी संगठन या देश ने नहीं ली है और मामले की जांच जारी है।

ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को सामान्य जहाजों की आवाजाही के लिए पूरी तरह खोलने से इनकार किया है। ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गलीबाफ के अनुसार, जब तक अमेरिका अपने वादों को पूरा नहीं करता, तब तक जलडमरूमध्य खोलना मुश्किल है।

वहीं, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) का दावा है कि 20 सितंबर के बाद ईरानी बंदरगाहों से निकलने वाले 109 व्यापारिक जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से वापस लौटाया गया है।

ऐसे समय में जब क्षेत्रीय तनाव और समुद्री मार्गों पर दबाव बना हुआ है, न्यूयॉर्क में होने वाली UNGA की बैठकों के दौरान अमेरिका और ईरान के बीच संभावित संपर्क पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर बनी रहेगी।

Comments are closed.