प्राइवेट बस ऑपरेटरों की हड़ताल खत्म, पटौदी-गुरुग्राम रूट पर आज से बसें पुराने समय पर

0

पटौदी-गुरुग्राम रूट पर निजी बस संचालकों की हड़ताल समाप्त हो गई है।

पुरानी समय सारणी को बहाल करने की मांग मान लिए जाने के बाद संचालकों ने बसों का संचालन दोबारा शुरू करने का फैसला किया है। मंगलवार से इस मार्ग पर निजी बसें पहले निर्धारित समय के अनुसार चलेंगी।

बस संचालक संत कुमार राठी और मनबीर ने बताया कि शुक्रवार शाम प्रशासन की ओर से नई समय सारणी जारी की गई थी। नई व्यवस्था में निजी बसों के संचालन का समय बदला गया था, जबकि हरियाणा रोडवेज की बसों के फेरे बढ़ा दिए गए थे।

संचालकों ने नई समय सारणी का विरोध करते हुए बसों को पटौदी सामान्य बस अड्डे पर खड़ा कर दिया था। इसके बाद उन्होंने गुरुग्राम स्थित आरटीओ कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से मुलाकात की और निजी बसों की पुरानी समय सारणी फिर से लागू करने की मांग रखी।

अधिकारियों की ओर से मांग स्वीकार किए जाने के बाद संचालकों ने हड़ताल खत्म कर दी। संचालकों के मुताबिक, मंगलवार से निजी बसें पटौदी-गुरुग्राम मार्ग पर पुराने समय के अनुसार नियमित रूप से चलेंगी।

हड़ताल समाप्त होने से इस रूट पर निजी बसों से रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

Comments are closed.