पेपर लीक से हिला उत्तराखंड, परीक्षा से पहले वायरल हुआ प्रश्नपत्र; दो परीक्षाएं रद्द

0

उत्तराखंड में परीक्षा प्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा करने वाला पेपर लीक का मामला सामने आया है।

वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (UTU) ने जांच में प्रश्नपत्र लीक होने की पुष्टि के बाद दो विषयों की परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। मामले में प्रश्नपत्र तैयार करने वाले शिक्षक पर सात साल का प्रतिबंध भी लगाया गया है। यह मामला शैक्षणिक सत्र 2025-26 की सम सेमेस्टर परीक्षाओं का है। विश्वविद्यालय को Machine Learning for Internet of Things विषय का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले छात्रों तक पहुंचने की शिकायत मिली थी। शिकायत के बाद गठित उच्चस्तरीय जांच समिति और संबंधित कॉलेज की जांच में आरोप सही पाए गए।

व्हाट्सएप और पोर्टल के जरिए पहुंचाया प्रश्नपत्र

जांच में सामने आया कि शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, देहरादून के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता, जो इस विषय के बाह्य प्रश्नपत्र निर्माता थे, उन्होंने परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र छात्रों के आंतरिक पोर्टल और व्हाट्सएप के माध्यम से साझा किया। समिति ने इसे परीक्षा की गोपनीयता का गंभीर उल्लंघन माना।

जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि इसी शिक्षक द्वारा तैयार किया गया Electromagnetic Field Theory विषय का प्रश्नपत्र भी लीक हुआ था। इसके बाद विश्वविद्यालय ने दोनों विषयों की परीक्षाएं निरस्त करने का फैसला लिया।

अगस्त में दोबारा होगी परीक्षा

विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. वी.के. पटेल ने बताया कि दोनों विषयों की पुनर्परीक्षा अगस्त के तीसरे सप्ताह में कराई जाएगी। नई परीक्षा तिथियों और परीक्षा केंद्रों की घोषणा जल्द की जाएगी। छात्रों को इसकी जानकारी संबंधित कॉलेजों के माध्यम से दी जाएगी।

शिक्षक पर कड़ी कार्रवाई

विश्वविद्यालय प्रशासन ने आशीष कुमार गुप्ता को अगले सात वर्षों तक परीक्षा से जुड़े सभी कार्यों से प्रतिबंधित कर दिया है। साथ ही, शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग को भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए चेतावनी जारी की गई है।

इस मामले ने एक बार फिर परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विश्वविद्यालय का कहना है कि दोषियों पर कार्रवाई कर परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखने का प्रयास किया गया है।

Comments are closed.