सीजफायर के बाद फिर बढ़ा तनाव, ईरान ने इजरायल पर दागीं मिसाइलें; कई शहरों में बजा सायरन
अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच 8 अप्रैल को हुए युद्धविराम (सीजफायर) के बाद एक बार फिर क्षेत्रीय तनाव बढ़ गया है। इजरायली सेना के अनुसार, ईरान ने रविवार देर रात इजरायल की ओर कई मिसाइलें दागीं, जिसके बाद देश के विभिन्न हिस्सों में सायरन बजाए गए और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया।
इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने कहा कि सीजफायर लागू होने के बाद यह ईरान की ओर से पहला मिसाइल हमला है। सेना के मुताबिक, मिसाइलों का पता चलते ही वायु रक्षा प्रणाली सक्रिय कर दी गई और खतरे को निष्क्रिय करने के लिए कार्रवाई की गई।
IDF ने बयान जारी कर कहा, “ईरान से इजरायल की ओर मिसाइलें दागे जाने के बाद कई इलाकों में सायरन बजाए गए। हमारी रक्षा प्रणालियां खतरे को रोकने के लिए काम कर रही हैं।”
रिपोर्टों के अनुसार, इजरायल की वायु रक्षा प्रणाली ने कम से कम दो मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया। हालांकि शुरुआती जानकारी में किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई थी, लेकिन बाद में स्थानीय आपातकालीन सेवाओं ने मध्य इजरायल में एक व्यक्ति की मौत और कई लोगों के घायल होने की जानकारी दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, हमले के बाद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सुरक्षा अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। वहीं इजरायली वायु सेना (IAF) ने नागरिकों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की।
IAF ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी संदेश में कहा कि प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को मोबाइल फोन पर अलर्ट भेजे गए हैं। नागरिकों से सुरक्षित स्थानों पर जाने और अगली आधिकारिक सूचना तक वहीं रहने को कहा गया है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब रविवार को हिज्बुल्लाह और इजरायल के बीच भी तनाव बढ़ गया था। हिज्बुल्लाह की ओर से की गई गोलीबारी के बाद इजरायल ने बेरूत के दाहियेह इलाके में स्थित कथित आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था।
इस हमले के बाद ईरान की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया देखने को मिली। ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के प्रवक्ता इब्राहिम रेजाई ने पहले ही चेतावनी दी थी कि दाहियेह पर हुए हमले का “निर्णायक जवाब” दिया जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा था कि इजरायल को उसके कदमों का जवाब मिलेगा।
ताजा मिसाइल हमले के बाद मध्य पूर्व में हालात एक बार फिर तनावपूर्ण हो गए हैं और क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
Comments are closed.