दाऊद इब्राहिम के नेटवर्क पर ED का बड़ा प्रहार, मुंबई में 4 करोड़ की संपत्ति जब्त; करीबियों पर कार्रवाई
मुंबई में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के नेटवर्क से जुड़े जबरन वसूली और साजिश के मामले में कार्रवाई करते हुए करीब चार करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की है।
जांच एजेंसी ने दाऊद के सहयोगी सलीम इकबाल कुरैशी उर्फ सलीम फ्रूट और अन्य आरोपितों से जुड़े ठिकानों तथा बैंक खातों पर शिकंजा कसा है। ED के अनुसार, आरोपितों ने दाऊद इब्राहिम और सलीम फ्रूट के नाम का इस्तेमाल कर लोगों को डराया-धमकाया और उनकी संपत्तियां हथियाने की साजिश रची। इसी जांच के सिलसिले में एजेंसी ने मुंबई के डोंगरी इलाके में स्थित ‘लम्बाट बिल्डिंग’ को अस्थायी रूप से कुर्क किया है। यह संपत्ति सलीम फ्रूट की पत्नी शाजिया सलीम इकबाल कुरैशी के नाम पर दर्ज है।
इसके अलावा असलम अब्दुल रहमान पटनी और मामले के अन्य आरोपितों के बैंक खातों में जमा धनराशि भी जब्त की गई है। ED ने स्पष्ट किया है कि कुर्क की गई चल और अचल संपत्तियों का कुल मूल्य लगभग चार करोड़ रुपये है।
यह कार्रवाई ED के मुंबई जोनल कार्यालय ने प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA), 2002 के तहत की है। एजेंसी ने संपत्तियों को फिलहाल अस्थायी रूप से कुर्क किया है। मामले में जबरन वसूली, कथित अवैध कब्जे और धन के लेनदेन से जुड़े पहलुओं की जांच जारी है।
Comments are closed.