मणिपुर में हिंसा के खिलाफ जनआक्रोश, महारैली में गूंजा शांति का संदेश; लोगों ने कहा- अब गोलियां नहीं, अमन चाहिए

1

मणिपुर में हिंसा और राजनीतिक संकट के खिलाफ गुरुवार को उखरुल जिले में सैकड़ों लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।

महिलाओं सहित बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे और जन रैली के जरिए राज्य में शांति बहाल करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कुकी-जोमी उग्रवादी संगठनों के साथ हुए सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशंस (SoO) समझौते को खत्म करने और उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन को पद से हटाने की मांग भी उठाई।

उखरुल जिला मुख्यालय में आयोजित रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने राज्य में जारी राजनीतिक संकट का समाधान निकालने, नगा बहुल इलाकों से असम राइफल्स को हटाने और कथित छद्म युद्ध पर रोक लगाने की मांग की। इस दौरान कुकी उग्रवादी संगठनों के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।

इस जन रैली का आयोजन तांगखुल नगा लोंग (TNL) ने अन्य तांगखुल संगठनों के साथ मिलकर किया था। आयोजकों और प्रदर्शनकारियों ने राज्य में लगातार जारी तनाव के बीच शांति और स्थिरता बहाल करने की जरूरत पर जोर दिया।

उल्लेखनीय है कि SoO समझौता केंद्र सरकार, मणिपुर सरकार और कुकी-जोमी समुदाय के कई उग्रवादी संगठनों के बीच हुआ त्रिपक्षीय समझौता है। प्रदर्शनकारी इसे रद्द करने की मांग कर रहे हैं। उखरुल के अलावा कामजोंग जिले में भी इसी तरह की रैली निकाली गई।

Comments are closed.