छठ के प्रसाद को जूठा करने पर मां ने मासूम बेटी को पीट-पीटकर मार डाला, समस्तीपुर में सनसनी

2

बिहार के समस्तीपुर जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है।

पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव में छठ पूजा की तैयारियों के बीच एक चार वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि पूजा के प्रसाद का पकवान जूठा करने से नाराज होकर उसकी मां ने बच्ची की बेरहमी से पिटाई की, जिसके बाद उसकी जान चली गई। पुलिस ने मामले में आरोपी मां रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है।

मृत बच्ची की पहचान वार्ड संख्या 12 निवासी राजू पासवान की बेटी सुहानी कुमारी के रूप में हुई है। परिजन उसे इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंचे थे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रसाद जूठा करने पर बच्ची की पिटाई का आरोप

बच्ची के पिता राजू पासवान के मुताबिक, परिवार के लोग छठ पूजा के लिए घर के पास घाट तैयार करने गए थे। इसी दौरान उनकी पत्नी रीना कुमारी घर पर पूजा के लिए प्रसाद के पकवान बना रही थी। आरोप है कि इसी बीच चार वर्षीय सुहानी ने पकवान जूठा कर दिया।

इस बात से नाराज होकर रीना ने बच्ची की पिटाई कर दी। कुछ समय बाद सुहानी की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद उसकी मां उसे लेकर निजी अस्पताल पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बेटी की मौत से परिवार में पसरा मातम

सुहानी की मौत के बाद पिता राजू पासवान का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में छठ पूजा की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। पिता ने पत्नी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

राजू पासवान के तीन बच्चे हैं। इनमें सात साल की बेटी शिवानी, चार साल की सुहानी और डेढ़ साल का बेटा राजा कुमार शामिल हैं। बेटी को खोने के बाद पिता ने कहा कि अब वह अपने बच्चों की परवरिश अकेले करेंगे।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की जानकारी मिलते ही पूसा थानाध्यक्ष रमेश कुमार पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, मामले में आरोपी मां को गिरफ्तार किया गया है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद बच्ची की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Comments are closed.