अमेरिका में मूसलाधार बारिश के बाद बाढ़ का कहर, इंडियानापोलिस में 6 की मौत

2

अमेरिका के इंडियानापोलिस में बाढ़ का कहर, 4 साल के बच्चे समेत 6 लोगों की मौत

अमेरिका के इंडियानापोलिस में कई दिनों से जारी तूफानी बारिश ने बाढ़ की स्थिति पैदा कर दी है। बाढ़ के पानी में डूबने से छह लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में चार साल का एक बच्चा भी शामिल है। 11 अगस्त से हो रही लगातार बारिश ने कई इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है।

भारी बारिश के चलते क्षेत्र की नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। कई जगह पानी रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया है। बताया जा रहा है कि कुछ नदियों का जलस्तर 1913 में आई विनाशकारी बाढ़ के दौरान दर्ज किए गए स्तर को भी पार कर चुका है।

1.30 लाख घरों में बिजली गुल

तूफानी मौसम का असर बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा है। राज्य में करीब 1.30 लाख उपभोक्ताओं की बिजली गुल हो गई है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में बिजली कटौती ने राहत और बचाव कार्यों के साथ लोगों की परेशानियां भी बढ़ा दी हैं।

प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाकों से दूर रहने और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

ट्रंप ने अतिरिक्त मदद को दी मंजूरी

बाढ़ से बिगड़े हालात को देखते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्थानीय प्रशासन के लिए अतिरिक्त सहायता राशि के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस सहायता का इस्तेमाल बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने और नुकसान से निपटने के लिए किया जाएगा।

Comments are closed.