बारिश से थमी मुंबई की रफ्तार, लोकल सेवाएं प्रभावित; सड़कों पर वाहनों की कतार

1

मुंबई में भारी बारिश का कहर, कई इलाकों में जलभराव; लोकल ट्रेनें देरी से चलीं, ट्रैफिक भी प्रभावित

मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश ने गुरुवार को शहर की रफ्तार थाम दी। मूसलाधार बारिश के कारण कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। वहीं, मुंबई की लाइफलाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेन सेवाएं भी निर्धारित समय से देरी से चलीं, जिससे कार्यालय जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

पिछले 24 घंटों के दौरान शहर के कई हिस्सों में 200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। दादर, परेल, हिंदमाता, चारकोप, वर्ली, गोरेगांव और अंधेरी समेत कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया। कई मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और ट्रैफिक रेंगता नजर आया। जलभराव के कारण लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार, रेलवे ट्रैक पर बड़े पैमाने पर जलभराव नहीं हुआ, लेकिन एहतियात के तौर पर कई उपनगरीय लोकल ट्रेनें 10 से 15 मिनट की देरी से संचालित की गईं। सुबह के पीक ऑवर में ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार तड़के तक मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है।

बीएमसी ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए बताया कि शुक्रवार तड़के 1:31 बजे 3.71 मीटर का उच्च ज्वार आने की संभावना है, जबकि शाम 7:49 बजे 1.82 मीटर का निम्न ज्वार रहेगा। प्रशासन ने लोगों से समुद्र तटों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

बारिश के आंकड़ों के मुताबिक, पूर्वी उपनगरों में सबसे अधिक औसत 189 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सांताक्रूज एसडब्ल्यूएम वर्कशॉप और भांडुप एस वार्ड कार्यालय में 238.8 मिमी, पवई में 234.6 मिमी और विक्रोली में 233.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

खुले मैनहोल में गिरने से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत

भारी बारिश के बीच चांदीवली इलाके में एक दर्दनाक हादसा भी सामने आया। 55 वर्षीय असलम इशाक शेख खुले मैनहोल में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद बीएमसी ने लापरवाही बरतने के आरोप में चार अधिकारियों को निलंबित कर उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।

बीएमसी के मुताबिक, सीवर लाइन पर सुरक्षा ग्रिल लगाने के लिए ठेका कर्मचारियों ने मैनहोल का ढक्कन हटाया था। इसी दौरान मोबाइल फोन पर बात करते हुए असलम शेख अनजाने में खुले मैनहोल में गिर गए। दमकल और आपदा प्रबंधन विभाग की टीम ने तलाश अभियान चलाकर उनका शव बरामद किया। बीएमसी ने मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

Comments are closed.