नेपाल में लापता लोगों की तलाश तेज, कीचड़ और मलबा हटाकर दिन-रात रेस्क्यू में जुटे बचावकर्मी

0

नेपाल में विनाशकारी बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।

तबाही के बीच लापता लोगों के परिजन अब भी अपनों की तलाश में जुटे हैं। अस्पतालों के बाहर लोग घायलों की सूची में नाम और तस्वीरें देख रहे हैं, वहीं मृतकों की तस्वीरों वाली सूचियों में भी परिचित चेहरों को तलाशने की मजबूरी बनी हुई है।

24 घंटे मलबे में तलाश

बचावकर्मी दिन-रात लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। कई इलाकों में बारिश के बीच तलाश अभियान जारी है, जबकि कुछ जगहों पर सूख चुके कीचड़ और भारी मलबे को मशीनों की मदद से हटाया जा रहा है। मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद टीमें लापता लोगों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी हैं।

हर बीतते दिन के साथ लापता लोगों के परिवारों की बेचैनी बढ़ रही है। परिजन कभी अस्पतालों के चक्कर लगा रहे हैं तो कभी घटनास्थल पर पहुंचकर मलबे में अपनों के निशान तलाश रहे हैं।

सुरंग में फंसे लोगों की तलाश जारी

रात के अंधेरे में नेपाल के गृह मंत्री सुदान गुरुंग ने अपर त्रिशूली-3ए जलविद्युत परियोजना स्थल पर राहत कार्यों का निरीक्षण किया। बाढ़ के बाद यहां एक सुरंग में 100 से ज्यादा लोगों के फंसे होने की जानकारी सामने आई थी। मशीनों से लगातार मिट्टी और मलबा हटाने का काम किया जा रहा है।

अस्पतालों के बाहर अपनों की तस्वीरें

अस्पतालों के बाहर परिजनों की भीड़ है। लोग भर्ती घायलों की सूची में नाम और तस्वीरें ध्यान से देख रहे हैं। हर चेहरे में उन्हें अपने किसी करीबी के मिलने की उम्मीद नजर आती है।

जब जीवित लोगों की सूची में किसी अपने का नाम नहीं मिलता, तो परिजन मृतकों की तस्वीरों वाली सूची की ओर बढ़ने को मजबूर हो जाते हैं। नेपाल की इस त्रासदी के बाद सामने आ रही तस्वीरें हालात की भयावहता दिखा रही हैं।

कीचड़ में तब्दील हुआ गांव

नुवाकोट जिले के देवीघाट गांव में बाढ़ ने घरों और सड़कों को मलबे में बदल दिया है। स्थानीय लोग गहरे कीचड़ में उतरकर अपने घरों से बचा सामान निकाल रहे हैं। कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं और बिजली के खंभे उखड़ गए हैं। कई वाहन भी कीचड़ में दबे हुए हैं।

तबाही के बीच एक महिला बिखरी हुई मक्के की फसल के पास बैठी नजर आई। दूसरी महिला गोद में बच्चे को लेकर क्षतिग्रस्त इमारतों के बीच से गुजरती दिखाई दी। मलबे के बीच एक मृत कुत्ता भी पड़ा मिला।

एक व्यक्ति मलबे के बीच गैस सिलिंडर लेकर निकलता दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि तबाही के बाद वह अपने घर से यही सामान बचा सका। इन दृश्यों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि बाढ़ ने प्रभावित इलाकों में लोगों की जिंदगी को किस हद तक बदल दिया है।

Comments are closed.