विदाई से पहले मानसून ने फिर पकड़ी रफ्तार, यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में तेज बारिश की चेतावनी

0

दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी से पहले देश के कई हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है।

मानसूनी गतिविधियां तेज होने के साथ भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 24 राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। इनमें कई राज्यों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

मौसम का ज्यादा असर पश्चिमी और तटीय क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है। गुजरात में तेज हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। वहीं, महाराष्ट्र और गोवा के तटीय इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश में बारिश का दायरा फिलहाल सीमित रहने का अनुमान है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।

बिहार में 23 सितंबर से बढ़ेगा बारिश का दौर

बिहार में 22 सितंबर को मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 23 सितंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। 24 और 25 सितंबर को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली-NCR में मौसम रहेगा साफ

दिल्ली-NCR में मंगलवार को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। राजधानी में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री के बीच रह सकता है। इस दौरान 15 से 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

उत्तराखंड में 26-27 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी

उत्तराखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 26 और 27 सितंबर को राज्य के अधिकांश इलाकों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा।

राजस्थान में ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क

राजस्थान में 22 सितंबर को अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने और धूप खिलने की संभावना है। जयपुर, कोटा समेत कई शहरों में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हालांकि, पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं।

मध्य प्रदेश में फिर सक्रिय हुआ मानसून

मध्य प्रदेश में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज हो गई हैं। 22 सितंबर से भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर समेत कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए कुछ क्षेत्रों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

महाराष्ट्र-गोवा में 60 किमी प्रति घंटे तक चलेंगी हवाएं

महाराष्ट्र और गोवा में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज बौछारें पड़ने का अनुमान है। तटीय इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ में भी मध्यम से भारी बारिश के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने की संभावना है।

झारखंड, ओडिशा और पूर्वोत्तर में भी बारिश

झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान बारिश का दौर जारी रह सकता है। पूर्वोत्तर के सभी आठ राज्यों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कई जगहों पर गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ मौसम खराब हो सकता है।

Comments are closed.