यूपी-बिहार में हीटवेव का अलर्ट, दिल्ली में आज राहत के संकेत

1

दिल्ली-एनसीआर में बीते दो दिनों की तेज धूप और बढ़ती गर्मी के बाद आज मौसम राहत भरा रहने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार दिनभर हल्के बादल छाए रह सकते हैं, जिससे तापमान में थोड़ी नरमी आएगी। हालांकि सोमवार से फिर गर्मी बढ़ने लगेगी। अधिकतम तापमान 35-37°C और न्यूनतम 18-20°C के बीच रह सकता है, जबकि 15-25 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

यूपी में लू का असर, दिन में सतर्क रहें
उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और दिन के समय गर्मी का असर तेज हो सकता है। कई इलाकों में दोपहर के दौरान लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, बरेली, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और देवरिया समेत कई जिलों में लोगों को दोपहर में बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

बिहार में चढ़ेगा पारा, गर्मी बढ़ेगी
बिहार में भी मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी। पटना, गया, जहानाबाद, पश्चिमी व पूर्वी चंपारण, बक्सर, सिवान, सारण, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, भागलपुर, कटिहार और खगड़िया जैसे जिलों में गर्मी का प्रभाव अधिक रहेगा। लोगों को लू और डिहाइड्रेशन से बचने के लिए पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचने की सलाह दी गई है।

पहाड़ों में बदलेगा मौसम, बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 12 अप्रैल को मौसम करवट ले सकता है। नैनीताल, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर, शिमला, सोलन, चंबा, ऊना, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा में भी बारिश और आंधी-तूफान का अनुमान है। ऊंचाई वाले इलाकों जैसे मनाली में तापमान गिर सकता है।

जम्मू-कश्मीर के शोपियां, बांदीपोरा, रामबन, अनंतनाग, बारामूला, पुलवामा, राजौरी, सांबा, गांदरबल, कठुआ, डोडा और उधमपुर में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। किसानों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Comments are closed.