पश्चिम कालीमंतन हादसा: हेलीकॉप्टर क्रैश में आठ की मौत, जांच शुरू

1

इंडोनेशिया के पश्चिम कालीमंतन में हुए हेलीकॉप्टर हादसे में सभी आठ लोगों की मौत हो गई है। दुर्घटना के बाद राहत और बचाव टीमें घने जंगलों के बीच मलबा और शवों को तलाशने में जुटी हैं।

बचाव एजेंसी के प्रमुख मोहम्मद शफीई के अनुसार, Airbus H130 हेलीकॉप्टर ने गुरुवार सुबह मेलावी के एक बागान क्षेत्र से उड़ान भरी थी, लेकिन उड़ान भरने के महज पांच मिनट बाद ही उससे संपर्क टूट गया। जिस इलाके में संपर्क टूटा, वह घने जंगलों और ऊंची-नीची पहाड़ियों वाला दुर्गम क्षेत्र है, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण हो गया है। बचाव दल को घटनास्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर मलबे का एक हिस्सा मिला है, जिसे हेलीकॉप्टर का पिछला भाग माना जा रहा है।

अधिकारियों के मुताबिक, हेलीकॉप्टर में छह यात्री और दो क्रू सदस्य सवार थे, और सभी की मौत हो चुकी है। सेना और पुलिस की मदद से टीमें जमीन के रास्ते घटनास्थल तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हेलीकॉप्टर ‘मैथ्यू एयर नुसंतारा’ कंपनी का था, जबकि जिस बागान क्षेत्र से इसने उड़ान भरी, वह ‘चित्रा महकोटा’ नाम की इंडोनेशियाई पाम ऑयल कंपनी के स्वामित्व में है।

फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है और जांच जारी है।

Comments are closed.