देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और लोग लू व उमस से परेशान हैं।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी गर्मी से राहत नहीं मिलने के संकेत दिए हैं। रविवार को उत्तर प्रदेश का बांदा देश का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया, जहां अधिकतम तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। झांसी में 44.6 डिग्री और प्रयागराज में 44.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं लखनऊ में पारा 41.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से अधिक है।
मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी गर्मी का प्रकोप जारी है। मध्य प्रदेश के 15 शहरों और राजस्थान के 7 शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। एमपी का खंडवा 44.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म शहर रहा। मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान में इस सप्ताह तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की और बढ़ोतरी हो सकती है।
उधर बिहार में मौसम का अलग-अलग असर देखने को मिला। कुछ जिलों में उमस और तेज गर्मी से लोग बेहाल हैं, जबकि कई जगहों पर बारिश दर्ज की गई। शेखपुरा के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में शनिवार शाम प्रार्थना के दौरान 27 छात्राएं अचानक बेहोश हो गईं। सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मौसम विभाग ने 19 मई के लिए उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। वहीं असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी में तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है। झारखंड में तेज आंधी चल सकती है और अरुणाचल प्रदेश में बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
20 मई को भी उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में लू चलने की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, केरल और तमिलनाडु समेत कई राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का अनुमान लगाया गया है।
Comments are closed.