6 हजार करोड़ के फ्रॉड का खुलासा, शरिया कानून का सहारा लेकर रची गई ठगी

5

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक बड़े निवेश घोटाले का खुलासा किया है, जिसमें लोगों को शरिया कानून के अनुरूप निवेश का भरोसा देकर हजारों करोड़ रुपये जुटाए गए।

जांच एजेंसी के मुताबिक, इस कथित पॉन्जी स्कीम की मास्टरमाइंड हैदराबाद की रहने वाली नौहेरा शेख है, जिस पर करीब 6 हजार करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है।

ईडी का कहना है कि आरोपियों ने खास तौर पर उन लोगों को निशाना बनाया, जो शरिया कानून के तहत ब्याज आधारित निवेश से बचते हैं। उन्हें “हलाल निवेश” और सालाना 36 फीसदी तक रिटर्न का लालच दिया गया। शुरुआत में कुछ निवेशकों को मुनाफा देकर भरोसा कायम किया गया, लेकिन बाद में बड़ी संख्या में लोग अपनी जमा पूंजी गंवा बैठे।

गुरुग्राम के होटल से गिरफ्तारी

एक महीने से अधिक समय से फरार चल रही नौहेरा शेख को पिछले सप्ताह गुरुग्राम के एक होटल से गिरफ्तार किया गया। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने उसकी जमानत याचिका खारिज करते हुए आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया था।

अदालत को गुमराह करने का आरोप

जांच एजेंसियों के अनुसार, नौहेरा शेख ने सुप्रीम कोर्ट में दावा किया था कि उसने हैदराबाद पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है, लेकिन पुलिस ने उसे हिरासत में नहीं लिया। ईडी का आरोप है कि यह अदालत को गुमराह करने की कोशिश थी।

400 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति जब्त

ईडी ने नौहेरा शेख और उससे जुड़े लोगों की 400 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त की हैं। एजेंसी अब इन संपत्तियों की नीलामी कर पीड़ित निवेशकों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया में जुटी है।

लाखों निवेशकों को लगाया चूना

ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, नौहेरा शेख, उसके परिवार और सहयोगियों ने लाखों लोगों को निवेश के लिए आकर्षित किया। शुरुआती निवेशकों को अच्छा रिटर्न दिया गया, लेकिन बाद में करीब 1.7 लाख लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

पीएमओ अधिकारी बनकर रोकने की कोशिश

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के एक सहयोगी ने खुद को पीएमओ का अधिकारी बताकर सुप्रीम Court के आदेशों को प्रभावित करने और संपत्तियों की बिक्री रुकवाने की कोशिश की। उसे जनवरी में गिरफ्तार कर लिया गया था।

छापेमारी में लग्जरी कारें और नकदी बरामद

2024 में ईडी ने नौहेरा शेख के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान 12 लग्जरी गाड़ियां जब्त की थीं। इनमें BMW, Mercedes-Benz, Mahindra Scorpio और कई Toyota Fortuner शामिल थीं। इसके अलावा 92 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए थे।

Comments are closed.