उत्तर भारत में कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और लू से लोगों को जल्द राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ, बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी और पंजाब-हरियाणा के ऊपर बन रहे चक्रवाती परिसंचरण के असर से 29 मई से मौसम तेजी से बदलने की संभावना है।
आईएमडी ने बताया कि 28 मई की रात से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होना शुरू होगा। इसके प्रभाव से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में तेज आंधी और बारिश का दौर शुरू हो सकता है। कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है।
मौसम विभाग के मुताबिक कई क्षेत्रों में धूल भरी आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। इससे तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
हालांकि मौसम बदलने से पहले उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में लू का असर जारी रहेगा। दिल्ली में बुधवार को भी तेज गर्मी महसूस की गई। राजधानी के लिए लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जो गुरुवार दोपहर तक प्रभावी रह सकता है। इसके बाद रात से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
पंजाब और हरियाणा में भी तेज गरज और धूल भरी आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं बिहार और झारखंड में बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के कारण तेज बारिश और बिजली चमकने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। दूसरी ओर राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में गर्मी अभी भी चरम पर बनी हुई है। हालांकि 28 मई के बाद यहां भी मौसम बदलने के संकेत हैं।
इस बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों तक आगे बढ़ गया है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले दो से तीन दिनों में मानसून के और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
राजस्थान का श्रीगंगानगर बुधवार को देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पिलानी में 47 डिग्री, बीकानेर में 46.6 डिग्री, चूरू में 46.5 डिग्री और जैसलमेर में 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
Comments are closed.