LPG सिलिंडर की लागत 1600 रुपये के पार, उपभोक्ताओं से कम वसूली पर सरकार को नुकसान

1

LPG की लागत 1600 रुपये के पार, कीमत बढ़ने के बाद भी सरकार को प्रति सिलिंडर 700 रुपये का नुकसान

केंद्र सरकार ने कहा है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक बाजार में बढ़ती कीमतों के कारण 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति लागत 1,600 रुपये से अधिक पहुंच गई है। सरकार के अनुसार, हाल ही में घरेलू गैस सिलिंडर के दाम में 29 रुपये की बढ़ोतरी के बावजूद प्रति सिलिंडर करीब 700 रुपये की अंडर-रिकवरी बनी हुई है।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बताया कि फरवरी से जून के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में एलपीजी की कीमतों में लगभग 46 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। मंत्रालय के मुताबिक, पश्चिम एशिया संकट और होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यवधान की आशंकाओं ने वैश्विक ऊर्जा बाजार पर दबाव बढ़ाया है।

सरकार का कहना है कि भारत अपनी एलपीजी जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात करता है, लेकिन बढ़ी हुई लागत का पूरा बोझ उपभोक्ताओं पर नहीं डाला गया है। मंत्रालय के अनुसार, घरेलू एलपीजी पर कुल अंडर-रिकवरी का बोझ करीब 60,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जिसे केंद्र सरकार और सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियां वहन कर रही हैं।

सरकार ने यह भी बताया कि 10.58 करोड़ से अधिक प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को प्रति सिलिंडर 300 रुपये की प्रत्यक्ष सब्सिडी दी जा रही है। मंत्रालय के अनुसार, वैश्विक संकट के बावजूद देश में गैस की आपूर्ति प्रभावित नहीं हुई और वैकल्पिक स्रोतों से आयात बढ़ाकर निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की गई।

वहीं, विपक्ष ने गैस कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर सरकार को घेरा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया कि पिछले तीन महीनों में घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमत में 89 रुपये की बढ़ोतरी से आम परिवारों का रसोई बजट प्रभावित हुआ है। उन्होंने पश्चिम एशिया संकट के दौरान ईंधन आपूर्ति सुरक्षित रखने के सरकारी दावों पर भी सवाल उठाए।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के प्रमुख शरद पवार ने भी पेट्रोलियम उत्पादों की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार की आलोचना की और कहा कि जनता पर लगातार आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।

दूसरी ओर, भाजपा नेताओं ने सरकार का बचाव किया है। भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारत में रसोई गैस की कीमतें कई देशों की तुलना में कम हैं। भाजपा नेता शहनवाज हुसैन ने भी दावा किया कि दुनिया के अधिकांश देशों में ऊर्जा कीमतों में भारत से अधिक बढ़ोतरी हुई है।

व्यावसायिक उपयोग के लिए 19 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलिंडर की दिल्ली में कीमत 3,113.50 रुपये है। इसके मुकाबले घरेलू उपभोक्ता एलपीजी के लिए अपेक्षाकृत कम भुगतान कर रहे हैं। सरकार का तर्क है कि यही अंतर उसकी अंडर-रिकवरी का प्रमुख कारण है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पड़ोसी देशों में घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमत श्रीलंका में 1,241 रुपये, बांग्लादेश में 1,225 रुपये, नेपाल में 1,207 रुपये और पाकिस्तान में 1,046 रुपये है। वहीं कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका जैसे देशों में एलपीजी की कीमतें भारत की तुलना में काफी अधिक हैं।

Comments are closed.