पेपर लीक विवाद के बाद आज देशभर में NEET-UG 2026 की परीक्षा दोबारा आयोजित की जा रही है।
देश और विदेश के केंद्रों सहित 564 शहरों में होने वाली इस परीक्षा में 22.79 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। निष्पक्ष और सुरक्षित परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस बार अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
पहली बार प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन के लिए भारतीय वायुसेना की मदद ली गई है। एयरफोर्स के विमानों और हेलिकॉप्टरों ने 200 से अधिक उड़ानें भरकर प्रश्नपत्रों को विभिन्न स्ट्रॉन्ग रूम और परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया। देशभर में दो लाख से अधिक सुरक्षा और परीक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।
परीक्षा अंग्रेजी, हिंदी समेत 12 भारतीय भाषाओं में आयोजित होगी। पूरे आयोजन के लिए तीन लाख से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को लगाया गया है। प्रश्नपत्र तैयार करने वाली विशेषज्ञ टीम को परीक्षा पूरी होने तक क्वारंटाइन में रखा गया है।
एनटीए के 18 क्षेत्रीय केंद्रों तक प्रश्नपत्र भारतीय वायुसेना और डाक विभाग की सहायता से पहुंचाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर स्थानीय पुलिस के साथ केंद्रीय सुरक्षा बल भी तैनात रहेंगे। जिलों के डीएम और एसपी को केंद्रों की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं, जबकि अफवाहों और साइबर खतरों से निपटने के लिए साइबर कमांडो भी तैनात किए गए हैं।
एनटीए के अनुसार परीक्षा 95 हजार से अधिक कक्षों में आयोजित होगी। प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और कुल 1.38 लाख से अधिक कैमरों की निगरानी राष्ट्रीय, राज्य और मंत्रालय स्तर पर की जाएगी।
इस बार परीक्षा की अवधि 15 मिनट बढ़ाकर 3 घंटे 15 मिनट कर दी गई है। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। अभ्यर्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा। इसके बाद गेट बंद कर दिए जाएंगे।
छात्रों को प्रवेश पत्र, फोटोयुक्त पहचान पत्र (आधार, पैन या वोटर आईडी) और दो पासपोर्ट आकार की तस्वीरें साथ लानी होंगी। ड्रेस कोड के तहत हल्के रंग की आधी बांह की शर्ट या टी-शर्ट, साधारण पैंट तथा कम हील वाली चप्पल या सैंडल पहनने की सलाह दी गई है। गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, पंखों और अभिभावकों के बैठने की विशेष व्यवस्था की गई है।
Comments are closed.