झमाझम बारिश के लिए तैयार रहें! 23 राज्यों में मानसून का असर, पहाड़ों पर भूस्खलन का खतरा

1

देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 23 राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।

कई इलाकों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, सिक्किम, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, असम, त्रिपुरा, मेघालय, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और अंडमान-निकोबार में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी आशंका है।

पूर्वोत्तर राज्यों में तेज आंधी के कारण पेड़ उखड़ने और संपत्ति को नुकसान पहुंचने का खतरा बताया गया है। वहीं मध्य प्रदेश के 35 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम और अधिक खराब हो सकता है। मौसम विभाग ने इन राज्यों के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी देते हुए भूस्खलन का खतरा भी जताया है। पहाड़ी इलाकों की यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है। वहीं हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिजली गिरने की घटनाओं को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।

Comments are closed.