ईरान को ट्रंप की नई चेतावनी, 60 दिन में डील नहीं तो होर्मुज पर अमेरिका करेगा शुल्क वसूली

2

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर नई चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि यदि अगले 60 दिनों के भीतर दोनों देशों के बीच अंतिम समझौता नहीं हुआ, तो अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर टोल वसूलना शुरू कर देगा।

कैंप डेविड में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि हालिया अंतरिम समझौते के तहत 60 दिनों तक जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से बिना किसी शुल्क के गुजरने की अनुमति दी गई है। हालांकि, इस अवधि के भीतर स्थायी समझौता नहीं होने पर अमेरिका शुल्क लगाने का अधिकार सुरक्षित रखेगा।

ट्रंप ने तर्क दिया कि यह शुल्क पश्चिम एशिया में अमेरिका द्वारा प्रदान की जा रही सुरक्षा और स्थिरता सेवाओं की लागत की भरपाई के लिए होगा। उन्होंने इसे क्षेत्र के देशों के लिए अमेरिका की “गार्जियन एंजल” भूमिका का हिस्सा बताया।

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल व्यापार मार्गों में से एक है और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है। ऐसे में टोल वसूली की अमेरिकी चेतावनी को रणनीतिक दबाव की नई कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

उधर, अमेरिका के भीतर भी इस व्यवस्था को लेकर बहस छिड़ी हुई है। आलोचकों का कहना है कि अंतरिम समझौता केवल 60 दिनों के लिए राहत देता है और भविष्य में टोल लगाए जाने की संभावना को खुला छोड़ता है।

इस बीच, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने संकेत दिया है कि वह अगले कुछ दिनों में ईरान के साथ होने वाली वार्ता के लिए जेनेवा जा सकते हैं। उन्होंने बातचीत में प्रगति की उम्मीद जताते हुए कहा कि हाल ही में घोषित युद्धविराम को बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों के बीच संवाद जारी रहेगा।

Comments are closed.