मूसेवाला मर्डर केस: जिस पिस्टल से हुई थी हत्या, उसका सप्लायर पुलिस के हत्थे चढ़ा

1

राजस्थान के श्रीगंगानगर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात हथियार तस्कर और गैंग्सटर शकील अंसारी उर्फ आदिल को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, शकील पंजाब, राजस्थान और हरियाणा समेत कई राज्यों में सक्रिय अपराधियों को अवैध हथियार उपलब्ध कराने का काम करता था और गैंगस्टर Rohit Godara तथा Goldy Brar का करीबी सहयोगी माना जाता है।

जांच में सामने आया है कि पंजाबी गायक Sidhu Moosewala की हत्या में इस्तेमाल की गई जगना और ग्लॉक पिस्टल आरोपित ने ही हमलावरों तक पहुंचाई थी। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान शकील ने इस बात को स्वीकार भी किया है।

जानकारी के मुताबिक, शकील शनिवार को श्रीगंगानगर में एक कारोबारी पर हमले की योजना को अंजाम देने पहुंचा था। इसी दौरान स्थानीय पुलिस को उसकी मौजूदगी की सूचना मिल गई। पुलिस टीम ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि शकील ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी। गोली लगने के बाद वह बाइक से गिर पड़ा और पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शकील से लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि हथियारों की सप्लाई नेटवर्क, गैंगस्टरों से उसके संबंध और अन्य आपराधिक मामलों में उसकी भूमिका का पता लगाया जा सके। जांच एजेंसियां यह भी खंगाल रही हैं कि उसने अब तक किन-किन अपराधियों और गिरोहों को हथियार उपलब्ध कराए थे।

Comments are closed.