जुलाई के पहले दिन कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर इस्तेमाल करने वाले कारोबारियों को बड़ी राहत मिली है।
सरकारी तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में 174 रुपये से 183.50 रुपये तक की कटौती की है। नई कीमतें 1 जुलाई से लागू हो गई हैं। हालांकि, घरेलू उपभोक्ताओं के लिए इस बार भी कोई राहत नहीं है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलिंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है और इसकी कीमतें पहले की तरह ही बरकरार हैं।
राजधानी दिल्ली में कमर्शियल सिलिंडर सबसे ज्यादा 183.50 रुपये सस्ता हुआ है। लखनऊ और पटना में भी इतनी ही कटौती की गई है, जबकि कोलकाता में इसकी कीमत 174 रुपये कम हुई है। इससे होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की परिचालन लागत में कुछ कमी आने की उम्मीद है।
इंडियन ऑयल की नई मूल्य सूची के अनुसार, दिल्ली में 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर अब 3,113.50 रुपये की जगह 2,930 रुपये में मिलेगा। वहीं, पटना में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलिंडर की कीमत 1,031.50 रुपये पर ही बनी हुई है, जबकि 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल सिलिंडर अब 3,227 रुपये में उपलब्ध होगा।
Comments are closed.