सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की सुरंग में हुए हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।
जिला प्रशासन ने मंगलवार सुबह 8:20 बजे तक की स्थिति के आधार पर इसकी पुष्टि की। हादसे के बाद सुरंग में फंसे श्रमिकों की तलाश और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए कई एजेंसियां संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। प्रशासन के मुताबिक, अब तक बरामद शवों को पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के लिए सिंगताम जिला अस्पताल, एसटीएनएम अस्पताल गंगटोक और नामची जिला अस्पताल भेजा गया है। बचाव दल सुरंग के भीतर लगातार अभियान चला रहे हैं।
मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और घायलों एवं फंसे श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वह राहत एवं बचाव अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं। जिला प्रशासन, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसएसडीएमए), सिक्किम पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा के साथ-साथ पाक्योंग और सिलीगुड़ी से पहुंची एनडीआरएफ की टीमें समन्वय के साथ अभियान चला रही हैं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को बचाव कार्य में तेजी लाने और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बचाव अभियान में जुटे अधिकारियों और जवानों के साहस एवं समर्पण की सराहना करते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी।
वहीं, नामची की जिला कलेक्टर अनूपा टमलिंग ने बताया कि करीब 27 मजदूरों के सुरंग के भीतर फंसे होने की आशंका है। हालांकि, अंदर की स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण अभी उनकी सटीक संख्या की पुष्टि नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ की टीम सुरंग के भीतर पहुंचकर हालात का जायजा ले रही है और उसके आधार पर आगे की जानकारी साझा की जाएगी।
गौरतलब है कि सोमवार दोपहर सामरदुंग (झोलुंगे) क्षेत्र में निर्माणाधीन सुरंग के भीतर कथित गैस रिसाव की घटना हुई थी। इसके बाद वहां काम कर रहे कई श्रमिक अंदर फंस गए। घटना के बाद से राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
Comments are closed.