CJP प्रतिनिधियों से मुलाकात पर जेपी नड्डा का रिएक्शन, बोले- ‘बातचीत अच्छी रही’
पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के प्रतिनिधियों से मुलाकात के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बातचीत को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। मंगलवार को एनडीए संसदीय दल की बैठक ‘मंगल मिलन’ में पहुंचने पर जब पत्रकारों ने उनसे इस मुलाकात के बारे में पूछा तो उन्होंने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा, “बातचीत अच्छी रही, हमेशा ही अच्छी रहती है।”
इससे पहले सोमवार को हुई बैठक के बाद भी नड्डा ने बातचीत की पुष्टि की थी। उन्होंने बताया था कि प्रदर्शनकारियों की ओर से पहली बार बातचीत का प्रस्ताव आया था, जिसके बाद सुबह 11:50 बजे से बैठक शुरू हुई। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने शाम करीब 4 बजे अपनी मांगों का लिखित ज्ञापन उन्हें सौंपा।
सूत्रों के अनुसार, सरकार की ओर से जेपी नड्डा को CJP प्रतिनिधियों से बातचीत की जिम्मेदारी दी गई थी। शुरुआती बैठक करीब 10 मिनट तक चली, जिसमें नड्डा ने प्रतिनिधियों से अपनी सभी मांगें लिखित रूप में देने को कहा। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने अलग से विचार-विमर्श कर ज्ञापन तैयार किया और शाम को दोबारा मुलाकात कर उसे सौंप दिया।
CJP की ओर से सौरव दास और आशुतोष रांका ने नड्डा के आवास पर उनसे मुलाकात की। यह बैठक ऐसे समय हुई जब जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे लोग संसद की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे थे और पुलिस उन्हें संसद मार्ग पर रोकने में जुटी थी।
मुलाकात के बाद CJP प्रतिनिधियों ने दावा किया कि उन्होंने अपनी सभी मांगें सरकार के सामने रख दी हैं। उनका कहना है कि जेपी नड्डा ने भरोसा दिलाया है कि ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों पर सरकार के भीतर चर्चा की जाएगी और इसके लिए उन्होंने कुछ समय मांगा है।
Comments are closed.