रूस ने कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों से बोला बड़ा हमला, कई धमाके; जेलेंस्की की चेतावनी के बाद बढ़ा हमला
रूस ने गुरुवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों से बड़ा हमला किया। हमले के बाद राजधानी के कई हिस्सों में तेज धमाके हुए और कई जगह आग लगने की खबर है। मिसाइल हमलों के बाद राहत एवं बचाव दल प्रभावित इलाकों में पहुंचकर स्थिति पर काबू पाने में जुट गए।
कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने टेलीग्राम पर बताया कि रूस लगातार बैलिस्टिक मिसाइलों से राजधानी को निशाना बना रहा है। उन्होंने लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने और एयर रेड अलर्ट का पालन करने की अपील की। उनके मुताबिक, हमले में शहर के कुछ गैर-आवासीय भवनों में आग लग गई।
स्थानीय मीडिया और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कीव के अलग-अलग इलाकों में कई जोरदार विस्फोट सुनाई दिए, जबकि हमलों के बाद आसमान में धुएं के घने गुबार दिखाई दिए। अधिकारियों ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।
जेलेंस्की ने एक दिन पहले दी थी चेतावनी
यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने बुधवार को ही रूस की ओर से बड़े मिसाइल हमले की आशंका जताई थी। उन्होंने कहा था कि यूक्रेन की सुरक्षा उसके सहयोगी देशों की ओर से आधुनिक वायु रक्षा प्रणालियां उपलब्ध कराने पर निर्भर है।
जेलेंस्की ने अमेरिका दौरे से लौटने के बाद दावा किया था कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप यूक्रेन को पैट्रियट मिसाइल रक्षा प्रणाली के लिए लाइसेंस देने पर सहमत हो गए हैं। ऐसे में अगले ही दिन रूस का कीव पर बड़ा बैलिस्टिक मिसाइल हमला यूक्रेन में बढ़ते सैन्य तनाव का संकेत माना जा रहा है।
Comments are closed.