कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 12 सितंबर को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में युवाओं से रूबरू होंगे। इस दौरान वह जेन-जी के साथ संवाद करेंगे और युवा वर्ग से जुड़े मुद्दों पर सीधे बातचीत करेंगे।
इंदौर का यह कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ सीरीज के तहत आयोजित किया जा रहा है। इससे पहले कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में इस श्रृंखला के कार्यक्रम हो चुके हैं। इंदौर में कार्यक्रम की शुरुआत कंसर्ट से होगी, जिसके बाद राहुल गांधी युवाओं को संबोधित करेंगे।
युवाओं से होगा सीधा सवाल-जवाब
कार्यक्रम में राहुल गांधी मध्य प्रदेश और देश के युवाओं से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे। इसके बाद युवाओं के साथ उनका सीधा संवाद होगा, जिसमें जेन-जी उनसे अपने सवाल पूछ सकेगी।
तैयारियों को लेकर बैठक
कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा के लिए राहुल गांधी के सहायक केवी बैजू शनिवार को इंदौर पहुंचे। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पार्टी के अन्य नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में कार्यक्रम के आयोजन, स्थल और व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा हुई।
सूत्रों के मुताबिक, कार्यक्रम में किसी बड़े गायक या लोकप्रिय म्यूजिक बैंड की प्रस्तुति भी हो सकती है। कलाकार के नाम को अंतिम रूप दिल्ली से दिए जाने की बात सामने आई है।
चार दिन के लिए स्टेडियम आरक्षित करने की मांग
कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम को आयोजन स्थल बनाने की तैयारी चल रही है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर स्टेडियम को चार दिनों के लिए आरक्षित करने की मांग की है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए कांग्रेस की ओर से आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं और तैयारियों पर काम शुरू कर दिया गया है।
Comments are closed.