अलवर के बुटोली गांव में सोमवार शाम खेलते समय नौ साल का बच्चा भानू करीब 300 फीट गहरे खुले बोरवेल में गिर गया।
हादसे के बाद बच्चा लगभग 48 फीट की गहराई पर मिट्टी और पाइप के बीच फंस गया। उसे बाहर निकालने के लिए प्रशासन और पुलिस की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, जो देर रात तक जारी रहा। बताया गया कि भानू शाम करीब छह बजे अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह खुले पड़े बोरवेल में गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन दल के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
बोरवेल के पास खुदाई शुरू
बच्चे को बाहर निकालने के लिए बोरवेल के आसपास जेसीबी और अन्य मशीनों से खुदाई की जा रही है। बचाव दल बच्चे तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
आवाज देने पर जवाब दे रहा बच्चा
परिजन लगातार बच्चे से बात कर उसका हौसला बढ़ा रहे हैं। बताया गया है कि बच्चा उनकी आवाज का जवाब दे रहा है। रस्सी के जरिए उसके लिए पानी और बिस्किट भी नीचे भेजे गए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, बोरवेल काफी समय से बंद था और इस्तेमाल में नहीं लिया जा रहा था। इसके बावजूद वह खुला पड़ा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
Comments are closed.