AIIMS CRE परीक्षा में अनियमितता, जयपुर के 2 सेंटर पर एग्जाम कैंसिल; 7 सितंबर को री-एग्जाम

2

एम्स CRE परीक्षा के पहले दिन जयपुर के दो केंद्रों पर तकनीकी खामी, करीब 2,000 अभ्यर्थियों का एग्जाम रद्द; 7 सितंबर को री-एग्जाम

एम्स नई दिल्ली की ओर से देशभर के एम्स और केंद्रीय सरकारी व स्वायत्त स्वास्थ्य संस्थानों में गैर-शैक्षणिक पदों पर भर्ती के लिए कॉमन रिक्रूटमेंट एग्जामिनेशन (CRE) आयोजित किया जा रहा है। सोमवार को परीक्षा के पहले दिन जयपुर के दो केंद्रों पर तकनीकी गड़बड़ी के कारण परीक्षा रद्द करनी पड़ी। अब इन दोनों केंद्रों पर 7 सितंबर को दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी।

इन दोनों केंद्रों पर करीब 2,000 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। परीक्षा का संचालन कर रही टीसीएस ने एम्स प्रशासन को बताया कि केंद्रों पर बिजली व्यवस्था फेल होने के कारण परीक्षा प्रभावित हुई। एम्स ने कहा है कि री-एग्जाम के दौरान ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

1,484 पदों पर हो रही भर्ती

CRE के माध्यम से विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में ग्रुप बी और ग्रुप सी के गैर-शैक्षणिक पदों पर भर्ती की जाती है। इस वर्ष 57 पद समूहों में कुल 1,484 रिक्तियां शामिल हैं। इनमें जूनियर एडमिनिस्ट्रेटिव असिस्टेंट, सीनियर एडमिनिस्ट्रेटिव असिस्टेंट, डाटा एंट्री ऑपरेटर, पर्सनल असिस्टेंट, स्टेनोग्राफर, पर्सनल सेक्रेटरी, असिस्टेंट सिक्योरिटी ऑफिसर, रिसेप्शनिस्ट, जूनियर मेडिकल रिकॉर्ड ऑफिसर और वार्डन सहित कई पद शामिल हैं।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने वर्ष 2021 से CRE आयोजित करने की जिम्मेदारी एम्स नई दिल्ली के परीक्षा अनुभाग को दी है।

30,142 अभ्यर्थियों ने कराया पंजीकरण

एम्स के अनुसार, CRE के लिए कुल 30,142 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। सोमवार की पहली पाली में 21,098 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 16,193 ने परीक्षा दी।

जयपुर में टीसीएस के आईओएन डिजिटल जोन, सीतापुरा स्थित आरजे0101 और आरजे0102 केंद्रों पर परीक्षा के दौरान समस्या सामने आई। आरजे0101 में 1,342 और आरजे0102 में 436 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे।

CRE परीक्षा सोमवार और मंगलवार को तीन पालियों में आयोजित की जा रही है। एम्स प्रशासन के मुताबिक, जयपुर के इन दो केंद्रों के अलावा देशभर के अन्य परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हुई और किसी अन्य केंद्र से गड़बड़ी की शिकायत नहीं मिली।

Comments are closed.