Bihar के Gaya में स्वास्थ्य व्यवस्था फेल: न डॉक्टर, न स्ट्रेचर, स्कूटी से ले जानी पड़ी मरीज
Bihar के Gaya स्थित मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल से सामने आई एक घटना ने सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की जमीनी हकीकत उजागर कर दी है। आरोप है कि बुनियादी सुविधाओं के अभाव में एक युवक को अपनी बीमार दादी को स्कूटी पर बैठाकर निजी अस्पताल ले जाना पड़ा।
परिजनों के मुताबिक, सांस लेने में तकलीफ के बाद मरीज को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन न तो समय पर इलाज मिला और न ही डॉक्टर उपलब्ध हुए। हालत बिगड़ने पर जब उन्हें दूसरे अस्पताल ले जाने का निर्णय लिया गया, तब भी अस्पताल से कोई मदद नहीं मिली।
आरोप है कि मरीज को वार्ड से बाहर लाने के लिए स्ट्रेचर मांगा गया, लेकिन उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई। इसके बाद युवक ने मजबूरी में अपनी दादी को स्कूटी पर बैठाया और जोखिम उठाते हुए दूसरे अस्पताल के लिए रवाना हो गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी है।
परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही और संवेदनहीनता का आरोप लगाया है। वहीं, अस्पताल अधीक्षक डॉ. किशोर कुमार सिंहा ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था और शिकायत मिलने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि अस्पताल में स्ट्रेचर की कोई कमी नहीं है।
यह घटना एक बार फिर सरकारी अस्पतालों में संसाधनों की कमी और प्रबंधन की खामियों को उजागर करती है, जिससे आम लोगों का भरोसा कमजोर पड़ रहा है।
Comments are closed.