कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का आंदोलन मंगलवार को भी दूसरे दिन जारी है।
जंतर-मंतर पर सुबह से ही पार्टी कार्यकर्ता और अभिजीत दीपके के समर्थक जुटने लगे। बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारियों का धरना जारी है और वे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े हुए हैं। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा।
सोमवार को सीजेपी ने जंतर-मंतर से संसद तक विरोध मार्च निकाला था। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई जगह धक्का-मुक्की और झड़प हुई। मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और संसद क्षेत्र के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
इसी बीच, सोमवार को सीजेपी के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात भी की। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में सरकार की ओर से किसी भी मांग पर कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया गया। हालांकि, जेपी नड्डा ने प्रदर्शनकारियों से धरना समाप्त करने और सामान्य स्थिति बहाल करने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
मंगलवार को जंतर-मंतर पर आंदोलन का माहौल बना हुआ है। प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं, जबकि पुलिस और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।
Comments are closed.