लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की तबीयत फिलहाल स्थिर है, लेकिन उनकी ब्लड शुगर अब भी सामान्य से कम बनी हुई है।
मंगलवार सुबह सफदरजंग अस्पताल की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन में बताया गया कि उनके सभी वाइटल पैरामीटर स्थिर हैं, हालांकि चिकित्सक उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
अस्पताल के अनुसार, हालिया रक्त जांच में उनका पोटैशियम स्तर 3.2 एमईक्यू/एल दर्ज किया गया है। इसके अलावा उनमें पैनसाइटोपीनिया की स्थिति बनी हुई है, जिसमें एनीमिया और श्वेत रक्त कोशिकाओं (ल्यूकोसाइट) की संख्या सामान्य से कम होना शामिल है। डॉक्टरों का कहना है कि इन जांच रिपोर्टों को देखते हुए उनकी नियमित मॉनिटरिंग और समय-समय पर जांच करना जरूरी है।
हेल्थ बुलेटिन में कहा गया है कि सोनम वांगचुक को फिलहाल ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन (ओआरएस) और मुंह के जरिए पोटैशियम सप्लीमेंट दिया जा रहा है। हालांकि, चिकित्सकों की सलाह के बावजूद उन्होंने इंट्रावेनस फ्लूइड (नसों के माध्यम से तरल पदार्थ) और ग्लूकोज लेने से इनकार कर दिया है।
अस्पताल ने बताया कि लंबे समय से जारी उपवास के कारण उन्हें अभी भी हल्के से मध्यम स्तर का डिहाइड्रेशन है। ऐसे में किसी भी संभावित जटिलता का समय रहते पता लगाने और आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने के लिए उनका लगातार चिकित्सकीय पर्यवेक्षण किया जा रहा है।
सफदरजंग अस्पताल और एम्स के विशेषज्ञों की संयुक्त बहु-विषयक मेडिकल टीम उनकी देखरेख कर रही है। अस्पताल का कहना है कि उन्हें सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और आगे का उपचार उनकी स्वास्थ्य स्थिति तथा क्रमिक लैब जांच की रिपोर्ट के आधार पर तय किया जाएगा।
Comments are closed.