अमेरिका में अवैध इमिग्रेशन पर कार्रवाई तेज, चार साल में 1,389 भारतीय बच्चे हिरासत में लिए गए

0

अमेरिका में अवैध प्रवास पर सख्ती, चार साल में 1,389 भारतीय नाबालिग हिरासत में लिए गए

अमेरिका में अवैध रूप से प्रवेश करने वाले प्रवासियों के खिलाफ कड़े कदमों का असर अब आंकड़ों में भी नजर आने लगा है। अमेरिकी वित्त वर्ष 2023 से अब तक बिना माता-पिता या किसी अभिभावक के अमेरिका पहुंचे 1,389 भारतीय बच्चों को हिरासत में लिया गया है। हालांकि, इनमें से किसी को भी अब तक भारत निर्वासित नहीं किया गया है।

अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अकेले अमेरिका पहुंचने वाले भारतीय बच्चों की संख्या में पिछले कुछ वर्षों में लगातार कमी आई है। वित्त वर्ष 2023 में ऐसे 730 बच्चे दर्ज किए गए थे। 2024 में यह संख्या 517, 2025 में 91 और 2026 में घटकर 51 रह गई। वित्त वर्ष 2027 के पहले महीने अक्टूबर 2026 में केवल दो भारतीय बच्चे इस श्रेणी में पाए गए।

अमेरिका आने वाले अकेले नाबालिगों की संख्या में बड़ी गिरावट

यह कमी केवल भारतीय बच्चों तक सीमित नहीं है, बल्कि दूसरे देशों से अकेले अमेरिका पहुंचने वाले नाबालिगों की संख्या में भी तेज गिरावट दर्ज की गई है। आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024 में अमेरिका में कुल 1.1 लाख ऐसे बच्चे दर्ज किए गए थे। यह संख्या 2025 में घटकर 29,584 और 2026 में 9,190 हो गई। अक्टूबर 2026 में विभिन्न देशों के 722 नाबालिग बिना अभिभावक के अमेरिका पहुंचे।

इमिग्रेशन मामलों के जानकारों का मानना है कि अमेरिकी प्रशासन की सख्त नीतियों, नियमों के कड़ाई से पालन और पकड़े गए प्रवासियों को जल्द वापस भेजने की कार्रवाई से यह गिरावट आई है।

ग्रीन कार्ड हासिल करने के लिए बच्चों के इस्तेमाल में कमी

इमिग्रेशन नेटवर्क से जुड़े लोगों के मुताबिक, पहले कुछ मामलों में नाबालिग बच्चों को अमेरिका भेजने का इस्तेमाल उनके माता-पिता या रिश्तेदारों के लिए कानूनी निवास का रास्ता आसान बनाने की उम्मीद में किया जाता था। इस तरीके को कथित तौर पर ‘ग्रीन कार्ड ब्रिंगर्स’ कहा जाता था।

हालांकि, अब अमेरिकी अधिकारियों की निगरानी और गिरफ्तारी के बाद तत्काल निर्वासन की आशंका के कारण इस तरह के प्रयासों में कमी आने की बात सामने आई है।

निर्वासन के डर से सुनवाई में शामिल नहीं हो रहे युवा

अमेरिका में सख्त इमिग्रेशन नीतियों के बीच वहां रह रहे भारतीय युवाओं में भी चिंता बढ़ी है। गुजरात के कड़ी निवासी एक कारोबारी ने बताया कि उनका 17 वर्षीय बेटा अपनी असाइलम याचिका से जुड़ी अदालत की सुनवाई में शामिल होने से डर रहा है। कारोबारी को 2012 में अमेरिका से निर्वासित किया गया था।

उन्होंने बताया कि उनका बेटा 12 साल की उम्र से टेक्सास में रह रहा है। उसे आशंका है कि अदालत में पेश होने पर उसे हिरासत में लेकर भारत भेज दिया जाएगा। इसी डर के चलते वह छिपकर एक गैस स्टेशन पर काम कर रहा है और एक धार्मिक समुदाय के सदस्यों के साथ रह रहा है।

अवैध प्रवेश के मामलों में भारत तीसरे नंबर पर

अमेरिका में अकेले पहुंचने वाले भारतीय बच्चों की संख्या भले ही कम हुई हो, लेकिन अवैध तरीके से सीमा पार करने की कोशिशों से जुड़े मामलों में भारतीय नागरिक अब भी प्रमुख देशों में शामिल हैं।

वित्त वर्ष 2026 में अमेरिकी अधिकारियों ने भारतीय नागरिकों से जुड़े 30,528 मामले दर्ज किए। इसके साथ ही 21 देशों की सूची में भारत मेक्सिको और कनाडा के बाद तीसरे स्थान पर रहा।

Comments are closed.