कुदरत का यू-टर्न: दिल्ली-NCR में राहत, यूपी-पंजाब में बारिश-आंधी; आज इन इलाकों में अलर्ट

5

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की चेतावनी के बीच शुक्रवार रात दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक यू-टर्न ले लिया।

तेज आंधी, बारिश और गरज-चमक के साथ चली हवाओं ने तापमान को 7 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरा दिया। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई जगहों पर जनजीवन भी प्रभावित हुआ।

दिल्ली-एनसीआर में ऑरेंज अलर्ट जारी
IMD ने पूरे दिल्ली-एनसीआर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, इलाके में हल्की से मध्यम बारिश, बिजली गिरने और 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। लोगों को एहतियात बरतने, घरों में रहने और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के कुछ हिस्सों में बिजली गिरने की घटनाएं भी दर्ज की गईं। मौसम विभाग ने कहा है कि यह असर आसपास के राज्यों में भी देखने को मिलेगा।

हरियाणा और पंजाब में भी बदला मौसम
हरियाणा के चरखी दादरी, झज्जर, रोहतक और सोनीपत में तेज हवाओं और बिजली चमकने का अनुमान है। वहीं पंजाब के कई इलाकों में बादल छाए रहने, हल्की बारिश और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की संभावना जताई गई है।

बिहार में आज आंधी-तूफान का अलर्ट
बिहार में शनिवार को आंधी-तूफान, गरज-चमक और हल्की बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि, अधिकतम तापमान 37 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

मौसम के इस अचानक बदलाव ने जहां गर्मी से राहत दी है, वहीं लोगों को सतर्क रहने की भी जरूरत है, खासकर बिजली गिरने और तेज हवाओं के खतरे को देखते हुए।

Comments are closed.