मुंबई में बरसा मानसून, यूपी-बिहार में जल्द मिलेगी राहत; 8 राज्यों में अब भी गर्मी का कहर
मुंबईवासियों को लंबे इंतजार के बाद आखिरकार भीषण गर्मी और उमस से राहत मिल गई है। रविवार सुबह शहर और आसपास के इलाकों में मानसून ने जोरदार दस्तक दी, जिससे मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र के सोलापुर क्षेत्र के आसपास ठहरा हुआ था, लेकिन पश्चिमी घाट में सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण अब इसकी रफ्तार फिर बढ़ने लगी है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटों में दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र के और हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। इसके बाद मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में भी बारिश की गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।
यूपी-बिहार की ओर बढ़ेगा मानसून
देशभर में मानसून अब तक करीब 19 राज्यों में पहुंच चुका है, लेकिन पिछले नौ दिनों से इसकी प्रगति उत्तर प्रदेश-बिहार सीमा के पास महराजगंज क्षेत्र में थमी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, 23 जून के आसपास अनुकूल परिस्थितियां बनने पर मानसून फिर सक्रिय होगा और ओडिशा, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ तथा तेलंगाना के शेष हिस्सों में आगे बढ़ेगा।
वहीं, दिल्ली-एनसीआर के लोगों को मानसून के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है। अनुमान है कि राजधानी में मानसून जुलाई के पहले सप्ताह तक पहुंच सकता है।
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी
पूर्वोत्तर भारत में बारिश का दौर लगातार जारी है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना में भी अगले दो दिनों के दौरान तेज बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
8 राज्यों में अभी भी गर्मी से राहत नहीं
एक ओर जहां कई क्षेत्रों में बारिश से मौसम सुहावना हुआ है, वहीं देश के करीब आठ राज्यों में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। उत्तर प्रदेश का बांदा 44.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। प्रयागराज, खजुराहो और ब्रह्मपुरी में भी तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक पूर्वी उत्तर प्रदेश और विदर्भ क्षेत्र में लू जैसी परिस्थितियां बनी रह सकती हैं। हालांकि, मानसून की प्रगति तेज होने के साथ आने वाले दिनों में इन इलाकों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
Comments are closed.