मौसम का डबल अटैक: उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट, दिल्ली-UP समेत 15 राज्यों में भारी बारिश का खतरा

1

मौसम विभाग ने 14 अगस्त को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत देश के कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।

अगले 20 घंटों के दौरान करीब 15 राज्यों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और तूफानी हवाएं चलने का अनुमान है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा, पंजाब और छत्तीसगढ़ में भी भारी बारिश का अलर्ट है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है।

उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट, स्कूल बंद

उत्तराखंड में 14 से 17 अगस्त के बीच भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं और कई स्थानों पर स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से नदी-नालों के पास जाने से बचने की अपील की है। भूस्खलन की आशंका वाले मार्गों पर राहत एवं बचाव दलों को सतर्क रखा गया है।

दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में तेज बारिश

दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम खराब होने पर जलभराव, ट्रैफिक जाम, पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने जैसी परेशानियां सामने आ सकती हैं।

मौसम विभाग ने लोगों को आंधी-तूफान के दौरान सावधानी बरतने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है। बारिश से हालांकि पिछले दिनों की उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

Comments are closed.