कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी रैली के बाद कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर सियासत गरमा गई है।
वायनाड सांसद प्रियंका गांधी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मामले में कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि जिस जगह खरगे ने जनसभा को संबोधित किया था, वहां कथित शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए।
प्रियंका गांधी की यह मांग राहुल गांधी के उस बयान के एक दिन बाद आई, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि खरगे की रैली के बाद बीजेपी और आरएसएस से जुड़े लोगों ने मंच का शुद्धिकरण किया। राहुल गांधी ने इस मामले में एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज करने की मांग की थी।
प्रियंका गांधी ने एक्स पर क्या लिखा?
प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे ने हल्द्वानी में रैली को संबोधित किया था। इसके बाद बीजेपी-आरएसएस से जुड़े लोगों ने कथित तौर पर उस मंच का ‘शुद्धिकरण’ किया।
उन्होंने कहा कि यह घटना न केवल निंदनीय है, बल्कि ऐसी सोच का प्रतीक है जो संविधान और सामाजिक समानता की भावना के खिलाफ है। प्रियंका ने दावा किया कि यह एससी/एसटी एक्ट के तहत भी अपराध बनता है।
’20 दिन बाद भी कोई कार्रवाई नहीं’
प्रियंका गांधी ने कहा कि कथित घटना को 20 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार से पूछा कि इस मामले में अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री वास्तव में संविधान का सम्मान करते हैं, तो उन्हें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कथित रूप से शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो और दोषियों पर कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाए।
कांग्रेस इस पूरे मामले को दलितों के सम्मान और संवैधानिक अधिकारों से जोड़ रही है, जबकि घटना को लेकर बीजेपी की ओर से सामने आने वाली प्रतिक्रिया पर भी नजर है।
Comments are closed.